आरा (बिहार)। आरा जिले की रहने वाली 30 वर्षीय पिंकी देवी की जिंदगी इस वक्त बुरी तरह उलझ गई है। शादी को 15 साल हो चुके हैं, लेकिन पिंकी देवी को अपने पति राजेश पासवान से कभी वह साथ नहीं मिला जिसकी हर पत्नी को उम्मीद होती है। राजेश पासवान सिकंदराबाद में काम करते हैं और दो-दो साल में एक बार ही घर लौटते हैं। इसी भावनात्मक खालीपन में पिंकी देवी का रिश्ता अपने ही चाचा ससुर के बेटे विकास पासवान से बन गया।
राजेश, विकास और पिंकी देवी तीनों एक ही घर में साथ रहते हैं। पिंकी देवी का कहना है कि जब पति ने साथ नहीं दिया तो उन्हें भावनात्मक सहारा विकास पासवान से मिला, जो बाद में एक गहरा रिश्ता बन गया। विकास ने पिंकी देवी से वादा किया था कि वह उन्हें अपनाएगा और एक नया जीवन देगा, लेकिन अब वह मुकर गया है और कह रहा है – “तुम अपना रास्ता देखो, हम अपना ब्याह करेंगे।”
पिंकी देवी और राजेश का एक 18 वर्षीय बेटा सनी कुमार भी है, जो इस पूरे मामले से मानसिक रूप से परेशान है। पिंकी देवी का आरोप है कि विकास ने उनसे ₹70,000 भी लिए हैं, लेकिन अब पैसे लौटाने की बात तो दूर, उनसे बात भी नहीं कर रहा।
इतना ही नहीं, पिंकी देवी पर अब विकास के परिवार वालों का भी अत्याचार शुरू हो गया है। विकास के भाई और अन्य परिजन पिंकी देवी से मारपीट करते हैं, धमकाते हैं और ताना मारते हैं।
पिंकी देवी मायके वालों से भी दूसरी शादी के लिए गुहार लगा चुकी थीं, लेकिन तब तक विकास उनके जीवन में आ चुका था, और उन्होंने मायके वालों का प्रस्ताव ठुकरा दिया था।
अब पिंकी देवी ने मीडिया के माध्यम से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि न पति साथ देता है, न प्रेमी, और अब वह मारपीट और अपमान का जीवन जीने को मजबूर हैं।