पंचकूला, 4 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के बाद 55 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने गरीबों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने गरीबों को सम्मान और सुविधाएं दीं।
मुख्यमंत्री पंचकूला में आयोजित मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 और शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपने के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में गरीब और गरीब हुआ, लेकिन मौजूदा सरकार ने गरीबों के सपनों को साकार किया है।
मुख्यमंत्री ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां:
उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैस सिलेंडर देकर धुएं से मुक्ति दिलाई।
हर घर नल योजना के तहत स्वच्छ जल की व्यवस्था की गई।
जनधन खाते खोलकर गरीबों को वित्तीय सम्मान मिला।
शौचालय निर्माण से महिलाओं को आत्मसम्मान मिला।
आयुष्मान भारत और चिरायु योजना से अब तक 22 लाख लोगों को मिला इलाज।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को सिर्फ प्लॉट देने का सपना दिखाया, लेकिन न कागजात दिए, न कब्जा। वर्तमान सरकार ने 100-100 गज के प्लॉट देकर गरीबों को जमीन का मालिक बनाया।
विपक्ष पर तीखा प्रहार:
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो 55 साल सत्ता में रहे, आज वही लोग संविधान पर खतरे की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर खतरा है तो कांग्रेस को है, जो खुद खत्म हो रही है।
उन्होंने राहुल गांधी को जनधन खातों को लेकर दिए गए बयान पर भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गरीबों ने अपनी मेहनत की कमाई इन खातों में जमा की है और यही मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कलेक्टर रेट पर भी दी सफाई:
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के 5000 करोड़ रुपये कलेक्टर रेट के नाम पर इकट्ठा करने के आरोप को भी झूठा बताया। उन्होंने कहा कि केवल 10 प्रतिशत क्षेत्रों में ही रेट बढ़े हैं, और वह भी तय प्रक्रिया के तहत।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी, विधायक शक्ति रानी शर्मा, मेयर कुलभूषण गोयल, बीजेपी नेता अजय मित्तल, बंतो कटारिया, उपायुक्त मोनिका गुप्ता, एडीसी निशा यादव, डीसीपी सृष्टि गुप्ता सहित अनेक अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट